नईदिल्ली (ए)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं के दलबदल के बीच पार्टी ने बड़ा फेरबदल किया है। बीजेपी ने यहां दिलीप घोष को हटाकर डॉक्टर सुकांता मजूमदार को पश्चिम बंगाल में नया अध्यक्ष अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं दिलीप घोष राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों में यह घोषणाएं की गईं। इनमें कहा गया, ”बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सांसद सुकांता मजूमदार को पश्चिम बंगाल की इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।”
पश्चिम बंगाल के बालूरघाट से सांसद मजूमदार, दिलीप घोष का स्थान लेंगे। घोष को पिछले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब वह नड्डा के साथ बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष होंगे।
पार्टी ने इसके साथ ही पिछले दिनों उत्तराखंड की राज्यपाल के पद से इस्तीफा देने वाली बेबी रानी मौर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। मौर्य के इस्तीफे के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें भाजपा में कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है।
They've given such a huge responsibility to a small worker like me. Thankful to party chief JP Nadda, PM & others. BJP had fought earlier to save WB & stop its Talibanisation, we'll do so in future too. We'll protect it from Talibani rule of Mamata Banerjee: Dr Sukanta Majumdar pic.twitter.com/eWEef9f32F
— ANI (@ANI) September 20, 2021
राज्य बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सुकांता मजूमदार ने कहा कि बंगाल को ममता बनर्जी के तालिबानी राज से बचायेगे। सुकांता ने कहा कि उन्होंने (BJP) ने मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, पीएम और अन्य को धन्यवाद। बीजेपी ने पहले पश्चिम बंगाल को बचाने और तालिबानीकरण को रोकने के लिए लड़ाई लड़ी थी, हम भविष्य में भी ऐसा करेंगे। हम इसे ममता बनर्जी के तालिबानी शासन से बचाएंगे।















