BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

T20 इंटरनेशनल में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, नीदरलैंड की महिला बॉलर ने एक पारी में झटके इतने विकेट

नईदिल्ली (ए)। मेंस और विमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे अच्छा गेंदबाजी स्पेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड नीदरलैंड की फ्रेडरिक ओवरडिज्क ने अपने नाम कर लिया है। टी20 इंटरनेशनल में कुल 11 ऐसे गेंदबाज (मेंस और विमेंस क्रिकेट मिलाकर) हैं, जो एक पारी में छह विकेट ले चुके हैं और फ्रेडरिक ने इन सबको पीछे छोड़ते हुए एक पारी में सात विकेट लेने का कारनामा किया है।

इस तरह से टी20 इंटरनेशनल में बेस्ट बॉलिंग फिगर का वर्ल्ड रिकॉर्ड फ्रेडरिक के नाम हो गया है। आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर के पहले दिन फ्रेडरिक ने फ्रांस के खिलाफ यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

फ्रेडरिक ने चार ओवर में दो ओवर मेडन डाले और इस दौरान महज तीन रन खर्चकर सात बैटर्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस तरह से फ्रांस की टीम 17.3 ओवर में महज 33 रनों पर ऑलआउट हो गई। नीदरलैंड ने चार ओवर के अंदर ही लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।

मेंस टी20 इंटरनेशनल में बेस्ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड दीपक चाहर के नाम दर्ज है। चाहर ने बांग्लादेश के खिलाफ सात रन देकर छह विकेट लिए थे। मेंस टी20 इंटरनेशनल में दीपक के अलावा, अजंता मेंडिस दो बार एक पारी में छह-छह विकेट ले चुके हैं, जबकि युजवेंद्र चहल और एश्टन एगर एक-एक बार यह कारनामा कर चुके हैं।

विमेंस क्रिकेट की बात करें तो इससे पहले बेस्ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड नेपाल की अंजली चांद के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2.1 ओवर में बिना एक भी रन दिए छह विकेट लिए थे। मैच की बात करें तो फ्रांस की ओर से सबसे ज्यादा रन पॉपी मैकगाउन ने बनाए।

उन्होंने 8 रनों की पारी खेली। फ्रेडरिक के अलावा मार्लोस ब्राट, इवा लिंच और सिल्वर सीगर्स ने एक-एक विकेट लिए। नीदरलैंड ने 3.3 ओवर में एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Related Posts