नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का छठा शतक जड़ा। वहीं, रोहित शर्मा ने भी 83 रनों की अपनी जबरदस्त पारी के दौरान फैन्स का जमकर मनोरंजन किया।
राहुल और रोहित के आगे इंग्लिश गेंदबाज लॉर्ड्स में एकदम बेबस नजर आए और दोनों ही भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के फास्ट बॉलरों की जमकर खबर ली। रोहित-राहुल की जोड़ी ने इस दौरान लॉर्ड्स के मैदान पर वो कारनामा किया जो पिछले 69 साल में कोई भारतीय सलामी जोड़ी नहीं कर सकी।
💯
An excellent CENTURY from @klrahul11 at Lord's. Batted brilliantly throughout, survived a few nervous moments, and now has his century!
Live – https://t.co/KGM2YEualG #ENGvIND pic.twitter.com/mmG5VU227K
— BCCI (@BCCI) August 12, 2021
दरअसल, रोहित और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने 1952 के बाद भारत की तरफ से लॉर्ड्स में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी है। इन दोनों ने दूसरे टेस्ट मैच में पहले विकेट के लिए 126 रनों की पार्टनरशिप करके इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया।
इससे पहले 1952 में वीनू मांकड़ और पंकज रॉय की ओपनिंग जोड़ी ने लॉर्ड्स में 106 रनों की शतकीय साझेदारी की थी। राहुल ने अपनी पारी की शुरुआत काफी धीमे अंदाज में की और रोहित शर्मा को ज्यादा स्ट्राइक पर रखा। रोहित ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 145 गेंदों में 83 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, हिटमैन अपने शतक से चूक गए और जेम्स एंडरसन का शिकार बने। राहुल 127 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
A 💯- run partnership for #TeamIndia openers at Lord's 👏👏
Live – https://t.co/KGM2YELLde #ENGvIND pic.twitter.com/BVKle9QyMt
— BCCI (@BCCI) August 12, 2021
राहुल और रोहित के अलावा कप्तान विराट कोहली ने 42 रनों की शानदार पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए राहुल के साथ मिलकर 117 रनों की महत्वपूर्ण पार्टनरशिप की जिसकी बदौलत भारतीय टीम 250 के पार पहुंच सकी। विराट की पारी का अंत ओली रोबिंसन ने किया।
चेतेश्वर पुजारा का फ्लॉप शॉ इस मैच में भी जारी रहा और वह महज 9 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर आउट हुए। भारत ने दूसरे टेस्ट के लिए अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए चोटिल शार्दुल ठाकुर की जगह पर ईशांत शर्मा को टीम में शामिल किया है।















