BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

मणिपुर के साथ सीमा विवाद में असम के छह पुलिसकर्मियों की मौत, सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने जताया दुख

नईदिल्ली (ए)। मणिपुर और असम के बीच सीमा विवाद को लेकर सोमवार को छह असम के पुलिसकर्मी की जान चली गई. इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दुख जताया है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि कछार जिले में अंतर-राज्यीय सीमा पर मिजोरम की ओर से उपद्रवियों द्वारा की गई गोलीबारी में असम पुलिस के छह कर्मियों की मौत हो गई है. सीमा पार से लगातार हो रही गोलीबारी के बीच जंगल में मौजूद असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई’ को बताया कि कछार के पुलिस अधीक्षक निंबालकर वैभव चंद्रकांत समेत कम से कम 50 कर्मी गोलीबारी और पथराव में घायल हो गए हैं।

सीएम हिमंत सरमा ने जताया दुख

मुख्यंमत्री हिमंत सरमा ने ट्वीट किया, ‘मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सीमा पार से उपद्रवियों ने उस समय अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जब दोनों पक्षों के नागरिक अधिकारी मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे थे. अधिकारी ने फोन पर कहा, ‘मैं तत्काल यह नहीं बता सकता कि कितने लोग घायल हुए हैं, लेकिन मेरा अनुमान है कि कम से कम 50 कर्मी घायल हुए. गोलीबारी में हमारे एसपी भी घायल हो गए और एक गोली उनके पैर में लगी.’ आईपीएस अधिकारी जब ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर बात कर रहे थे तब वह जंगल के अंदर छिपे हुए थे और पीछे से गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही थी।

असम-मणिपुर के सीएम में ठनी

इससे पहले, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा के बीच सीमा विवाद को लेकर वाकयुद्ध छिड़ गया है. हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने इस मामले को देखने और संकट को तत्काल समाप्त करने का आग्रह किया था। अमित शाह शनिवार और रविवार को मेघालय के दो दिवसीय दौरे पर थे, जहां उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बंद कमरे में बैठक की थी. अब सीमा पर हालात बिगड़ने पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने अमित शाह से मदद की गुहार लगाई है।

ज़ोरमथंगा द्वारा ट्विटर पर साझा की गई एक वीडियो क्लिप में पुलिस को लाठियों से लैस लोगों के बीच झड़प को रोकने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है. वीडियो के साथ ज़ोरमथंगा ने गृह मंत्री अमित शाह को भी टैग किया है और उनसे मामले पर दखल देने की अपील की. उन्होंने लिखा कि ये सब अब बंद होना चाहिए।

जवाब में, सरमा ने एक वीडियो क्लिप साझा किया और कहा कि मिजोरम के एक पुलिस अधीक्षक असम के अधिकारियों को अपने पद से हटने के लिए कह रहे हैं, ऐसा न करने पर पड़ोसी राज्य के नागरिक हिंसा को नहीं रोकेंगे. उन्होंने भी शाह और प्रधानमंत्री कार्यालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि ऐसा रहा तो हम सरकार कैसे चला सकते हैं?

इसके तुरंत बाद, ज़ोरमथांगा ने सीएम सरमा के ट्वीट का रिप्लाई करते हुए लिखा, “हेमंत जी, अमित शाह द्वारा मुख्यमंत्रियों की एक सौहार्दपूर्ण बैठक के बाद, असम पुलिस की दो कंपनियों ने नागरिकों के साथ आज मिजोरम के अंदर वैरेंगटे ऑटो रिक्शा स्टैंड पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे. उन्होंने सीआरपीएफ कर्मियों/मिजोरम पुलिस को भी पीछे छोड़ दिया।”

जोरमथांगा ने एक और वीडियो साझा किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा कि असम में कछार के रास्ते मिजोरम वापस जाते समय एक निर्दोष जोड़े को “ठगों और गुंडों द्वारा पीटा गया और कोर तोड़ दिया गया. आप इन हिंसक कृत्यों को कैसे सही ठहरा सकते हैं?”

Related Posts