रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के लिए तैयार की जाने वाली मतदाता सूची के सतत मूल्यांकन और अवलोकन के लिए निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर रामसिंह ने बताया कि निर्वाचक नामावली तैयार एवं पुनरीक्षित करना सम्पूर्ण निर्वाचन पद्धति का निर्णायक आधार है। आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न हो। इसके लिए निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
आयोग के उप सचिव दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग जिले के भिलाई-चरौदा नगर निगम के लिए बालोद जिले के अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी तथा रायगढ़ जिले के सारंगढ़ नगर पालिका के लिए जांजगीर-चांपा जिले की अपर कलेक्टर लीना कोसम को यह जिम्मेदारी दी गई है। इन दोनों नगरीय निकायों में आगामी समय में आम चुनाव संपन्न होना है। प्रेक्षकों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे मतदाता सूची तैयार करने एवं पुनरीक्षण के काम की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि ये कार्य छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम अधिनियम-1956, छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम-1961 और छत्तीसगढ़ नगरपालिका निर्वाचन नियम-1994 तथा आयोग द्वारा समय-समय पर जारी प्रावधानों के अनुसार ही हो रहा है। आयोग ने निर्देशित किया है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति होने पर राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को सूचित करें। आयोग द्वारा यह निर्देश भी दिए गए हैं कि मतदाता सूची तैयार करते समय नगरपालिका निर्वाचन नियम-1994 के नियमों में हुए संशोधन के बाद लागू प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।











