BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

आज से 16 जुलाई तक चलेगा वजन त्यौहार: दुर्ग कलेक्टर की अपील- सभी पालक अपने 5 वर्ष तक के बच्चों का पोषण स्तर जानने हेतु निर्धारित तिथि पर आंगनबाड़ी केन्द्र जाकर अपने बच्चों का वजन अवश्य करायें

दुर्ग। कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में जिले में वजन त्यौहार का आयोजन होना है जिसके तहत जिले के सभी 1502 आंगनबाड़ी केन्द्रों हेतु इलेक्ट्रानिक वजन मशीन, साल्टर मशीन, वयस्क वजन मशीन, इंफेन्टोमीटर, स्टिडियोमीटर, सामुदायिक ग्रोथचार्ट आदि की व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई।

कलेक्टर डाॅं. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने समस्त विभागों को वजन त्यौहार की माॅनिटरिंग करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए आग्रह किया है कि सभी पालक अपने 5 वर्ष तक के बच्चों का पोषण स्तर जानने हेतु निर्धारित तिथि पर आंगनबाड़ी केन्द्र जाकर अपने बच्चों का वजन अवश्य करायें।

प्रदेश में 5 वर्ष के बच्चों तक के पोषण की स्थिति ज्ञात करने के लिए 07 जुलाई से 16 जुलाई 2021 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में दुर्ग जिले में भी आंगनबाड़ी केन्द्रों में 5 वर्ष तक के दर्ज लगभग 01 लाख बच्चों सहित अन्य बच्चों का वजन लिया जाएगा। कलेक्टर डाॅ. भुरे के द्वारा प्रत्येक क्लस्टर हेतु एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। उल्लेखनीय है कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशोंको ध्यान में रखते हुए जिले के 1502 आंगनबाड़ी केन्द्रों में क्लस्टरवार निर्धारित तिथि को वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा।

वजन त्यौहार के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग का समस्त पर्यवेक्षक तथा परियोजना अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करते हुए वजन त्यौहार का निरीक्षण करेंगे। वजप त्यौहार के दौरान 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन करने के अलावा 11 से 18 वर्ष की सभी किशोरी बालिकाओं का वजन सह ऊंचाई मापन करते हुए उनका बी.एम.आई. इंडेक्स निकाला जाएगा। साथ ही हिमोग्लोबीन टेस्ट भी कराया जाएगा।

Related Posts